छत्तीसगढ़ में धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होकर 15 जनवरी तक चलेगी. खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए सरकार ने 160 लाख टन धान खरीदी का लक्ष्य तय किया है. इसके लिए प्रदेश में 3,100 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं.
मार्कफेड के अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी के अनुसार, 27.50 लाख से अधिक किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर धान खरीदा जाएगा. प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी का प्रावधान रखा गया है.
केंद्रों पर नकद निकासी की सुविधा
धान बेचने के बाद किसानों को उपार्जन केंद्रों पर माइक्रो एटीएम की सुविधा मिलेगी. इसके जरिए वे तत्काल अधिकतम 20 हजार रुपये तक नकद निकाल सकेंगे. पिछले वर्ष यह सीमा 10 हजार रुपये थी.
उठाव और मिलिंग की व्यवस्था
खरीदी के साथ ही धान के परिवहन, उठाव और मिलिंग की निगरानी की जाएगी. उपार्जन केंद्रों पर धान का दबाव बढ़ने तथा खरीदी-बिक्री में संभावित गड़बड़ी रोकने के लिए 16 जनवरी से उठाव शुरू करने का निर्णय लिया गया है. हालांकि, खरीदी अवधि के दौरान ही परिवहन आदेश जारी किए जाएंगे.
व्यवस्था के तहत मिलर पहले उपार्जन केंद्रों से धान उठाएंगे और उसे संग्रहण केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा. इसके बाद संग्रहण केंद्रों से धान को कस्टम मिलिंग के लिए ले जाया जाएगा.
