छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण खरीफ फसलों की गिरदावरी और डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने का काम प्रभावित हुआ है. डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS), पीवी ऐप के जरिए फसल सर्वेक्षण और जियो-कोऑर्डिनेट्स के संकलन का काम रुकने की जानकारी सामने आई है.

कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पटवारियों की मांगों पर विचार करने और हड़ताल का जल्द समाधान निकालने की अपील की है. संघ के प्रदेश अध्यक्ष पेखन टोण्ड्रे के अनुसार, काम रुकने के साथ पुराने राजस्व नक्शों और मौके की स्थिति में विसंगतियां, गैर-जियोरेफरेंस्ड खसरे, कमजोर इंटरनेट कनेक्टिविटी और सर्वर की धीमी गति भी सर्वे में बाधा बन रही है.

संघ के मुताबिक, पीवी ऐप पर दर्ज 32.15 लाख से अधिक खसरों में अब तक 26.39 प्रतिशत काम पूरा हुआ है, जबकि 23.67 लाख से ज्यादा खसरे लंबित हैं. डिजिटल धान खसरा पॉलीगोन के 16.24 लाख खसरों में 34.96 प्रतिशत काम हुआ है और 10.56 लाख से अधिक प्रविष्टियां बाकी हैं.

पटवारियों की अनुपस्थिति में तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों की व्यक्तिगत आईडी से मैदानी सत्यापन कराने का दबाव होने का दावा संघ ने किया है. संघ का कहना है कि ये अधिकारी नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, राजस्व न्यायालय और कानून-व्यवस्था जैसे कामों में पहले से व्यस्त हैं.