छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल खत्म कराने के लिए राज्य सरकार सख्त कदम उठाने की तैयारी में है. राजस्व विभाग की ओर से एस्मा लगाने की तैयारी की जा रही है. अब तक 150 से ज्यादा हड़ताली पटवारियों को नोटिस जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है. पटवारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष भागवत कश्यप को भी निलंबित किया गया है.

हड़ताल का असर 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी की तैयारियों पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है. सरकार की चिंता इसी समयसीमा को लेकर है, जबकि पटवारी अपनी मांगों पर पीछे हटने को तैयार नहीं हैं. तूता से हटाए जाने के बाद पटवारियों ने मठपुरैना स्थित हनुमान मंदिर परिसर को आंदोलन का नया ठिकाना बनाया है.

गुरुवार को पटवारियों ने मंदिर परिसर में सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया. उन्होंने सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की और अपने खिलाफ जारी कार्रवाई का विरोध जताया.

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पटवारियों से हड़ताल खत्म कर काम पर लौटने की अपील की है. उन्होंने कहा कि मांगें सरकार तक पहुंचाने के लिए बातचीत समेत कई दूसरे रास्ते उपलब्ध हैं.

पटवारी संघ के अध्यक्ष कमलेश तिवारी ने कहा कि निलंबन और नोटिस जारी करने से आंदोलन खत्म नहीं होगा. उन्होंने यह भी कहा कि एस्मा लगाए जाने के संबंध में संघ को अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है.