रायपुर. छत्तीसगढ़ में खरीफ फसल गिरदावरी 2026-27 को लेकर राजस्व पटवारी संघ ने PV यानी फसल भौतिक सत्यापन ऐप के माध्यम से काम करने का बहिष्कार करने की घोषणा की है. संघ ने इस संबंध में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव और भू-अभिलेख संचालनालय के संचालक को ज्ञापन सौंपा है.
संघ के अनुसार, खरीफ गिरदावरी के लिए 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक की समयसीमा तय की गई थी. इस दौरान पटवारी DCS और ऑनलाइन माध्यम से फसल गिरदावरी का काम कर रहे थे. संघ का दावा है कि बिना पूर्व सूचना के पटवारी आईडी से ऑनलाइन फसल एंट्री बंद कर दी गई और 18 सितंबर को PV ऐप के जरिए गिरदावरी कराने का निर्देश जारी किया गया.
DCS के नक्शे और खेतों की स्थिति पर आपत्ति
पटवारी संघ ने ज्ञापन में DCS के नक्शे की तकनीकी खामियों का मुद्दा उठाया है. संघ का कहना है कि मौजूदा नक्शा करीब तीन वर्ष पुराना है और मौके पर विभाजित किए गए लाखों नक्शे अब तक DCS में शामिल नहीं हो पाए हैं. ऐसे में जिन खसरों का नक्शा विभाजित नहीं हुआ है, उन्हें किसान की सहमति के बिना मौके पर चिन्हित करना कठिन होगा.
संघ ने यह भी कहा कि कई गांवों में 1,500 से 15,000 तक खसरे गिरदावरी के लिए लंबित हैं. खेतों में खरीफ फसल और कई स्थानों पर पानी भराव के बीच हर खेत के चारों कोनों से PV ऐप के लिए फोटो लेना व्यावहारिक रूप से मुश्किल है.
पटवारी संघ ने आशंका जताई है कि जल्दबाजी में काम कराने से धान समेत अन्य खरीफ फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी प्रभावित हो सकती है और किसान फसल बेचने से वंचित हो सकते हैं. संघ ने गिरदावरी पुराने तरीके से ऑनलाइन भुइयां पोर्टल के माध्यम से कराने की मांग की है.
संघ ने चेतावनी दी है कि PV ऐप से काम कराने का दबाव जारी रहा तो प्रदेश के पटवारी बिना पूर्व सूचना के अनिश्चितकालीन हड़ताल और धरना-प्रदर्शन कर सकते हैं.
