नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन का शुभारंभ किया गया. राज्य की रेजिडेंट कमिश्नर श्रुति सिंह ने पवेलियन का उद्घाटन किया. यहां छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और स्टार्टअप नवाचारों को प्रदर्शित किया जा रहा है.
उद्घाटन के बाद श्रुति सिंह ने पवेलियन में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया. उन्होंने स्टार्टअप्स और उद्यमियों के प्रदर्शनी स्टॉलों का दौरा कर उनके उत्पादों, सेवाओं और व्यावसायिक गतिविधियों की जानकारी ली.
रेजिडेंट कमिश्नर ने युवा उद्यमियों के नए व्यावसायिक विचारों और तकनीक आधारित उत्पादों में रुचि दिखाई. इस दौरान उद्यमियों के प्रयासों और उनके उत्पादों की संभावनाओं पर चर्चा भी की गई.
पवेलियन में राज्य की जनजातीय और सांस्कृतिक विरासत के साथ पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को जगह दी गई है. इसके अलावा औद्योगिक उपलब्धियों और उभरते स्टार्टअप इकोसिस्टम को भी प्रदर्शित किया गया है.
मेले में भागीदारी का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के कारीगरों, लघु उद्यमियों, स्टार्टअप्स और उद्योगों को व्यापक बाजार से जोड़ना है. पवेलियन के जरिए खरीदारों, निवेशकों और व्यावसायिक प्रतिनिधियों के साथ संपर्क तथा व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग की संभावनाएं तलाशने पर जोर दिया जा रहा है.
