प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को छत्तीसगढ़ में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया. सरकार का दावा है कि प्रदेशभर में 1.50 करोड़ से ज्यादा दीये जलाए गए. रायपुर, बिलासपुर, जगदलपुर, अंबिकापुर, भिलाई समेत कई जिलों में दीपोत्सव के कार्यक्रम हुए.

रायपुर के तेलीबांधा तालाब को इलेक्ट्रॉनिक दीयों से सजाया गया. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास, अंबेडकर चौक और तेलीबांधा में दीप जलाया. कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं में अधिकारी-कर्मचारियों और सरकारी शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने की जानकारी दी गई है.

बिलासपुर में भारत के नक्शे के बीच रंगोली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर बनाई गई.

जगदलपुर में आयोजन को लेकर विवाद

जगदलपुर में कार्यक्रम स्थल पर डेढ़ लाख से ज्यादा दीये सजाए गए थे. तैयारियों के दौरान कांग्रेस ने मां दंतेश्वरी मंदिर के सामने दुकानें बंद कराने और श्रद्धालुओं की आवाजाही को लेकर विरोध जताया.

इसी दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बहस हुई. इसके बाद भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी. दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर जूते-चप्पल फेंके जाने की बात सामने आई है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति शांत कराई. इस विवाद में किसी के घायल होने या कानूनी कार्रवाई की विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है.