पीएम स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ को चार राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चुना गया है. इनमें एक पुरस्कार राज्य के लिए है, जबकि बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा नगरीय निकायों को भी अलग-अलग सम्मान मिलेगा.
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान पुरस्कार-2026’ समारोह 20 नवंबर को नई दिल्ली के डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में होगा. केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल पुरस्कार प्रदान करेंगे.
सम्मान ग्रहण करने के लिए छत्तीसगढ़ शासन और तीनों चयनित नगरीय निकायों के अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों का प्रतिनिधिमंडल समारोह में शामिल होगा. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार को पुरस्कारों के चयन से संबंधित आधिकारिक पत्र मिल चुका है.
उपमुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने इस उपलब्धि को गौरव का विषय बताया. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर चयन स्ट्रीट वेंडरों के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए नगरीय निकायों के प्रयासों की पहचान है.
पीएम स्वनिधि योजना के तहत रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबार से जुड़े विक्रेताओं को बिना गारंटी ऋण समेत वित्तीय सहायता दी जाती है.
