छत्तीसगढ़ में घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक पाइपलाइन के जरिए PNG पहुंचाने की तैयारी तेज की जा रही है. राज्य में वर्ष 2030 तक 21 लाख घरों को PNG कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है. इसके अलावा वाहनों के लिए पेट्रोल पंपों तक CNG पहुंचाने की भी योजना है.
दुर्ग, भिलाई, रायपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर सहित कई नगरीय निकायों में गैस पाइपलाइन बिछाई जा रही है. हालांकि, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के पास इन कार्यों की पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं थी. अब विभाग ने सभी नगर निगम आयुक्तों, नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों से निर्धारित प्रारूप में जानकारी मांगी है.
निकायों को बताना होगा कि उनके क्षेत्र में किन स्थानों पर पाइपलाइन बिछाई जा रही है और काम कौन-सी एजेंसी कर रही है. इसके साथ ही एजेंसी ने अनुमति के लिए कब आवेदन किया, निकाय ने कब मंजूरी दी, काम कब शुरू हुआ और उसकी मौजूदा स्थिति क्या है—इसका विवरण भी देना होगा. निकायों से जिले और निकाय का नाम, संबंधित आयुक्त या सीएमओ का नाम, मोबाइल नंबर और सरकारी ई-मेल की जानकारी भी मांगी गई है.
खाद्य विभाग ने आगामी दो वर्षों में 12 जिलों में PNG सुविधा उपलब्ध कराने की कार्ययोजना बनाई है. अभी राज्य में 23,408 घरों तक ही PNG कनेक्शन पहुंच सके हैं. चालू वर्ष में 3.15 लाख घरों को कनेक्शन देने का लक्ष्य है.
फिलहाल रायपुर, बिलासपुर, मनेंद्रगढ़, सूरजपुर, सरगुजा और कोरिया जिलों के कुछ घरों में PNG की आपूर्ति शुरू हुई है. अगले छह महीनों में सात अन्य शहरों तक इस सुविधा का विस्तार करने की योजना है.
