छत्तीसगढ़ में पुलिस और जेल विभाग के कर्मचारियों के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग फीस में 30 से 50% तक की छूट मिलेगी. यह सुविधा आकाश इंस्टीट्यूट और एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट की सहमति के बाद उपलब्ध कराई जाएगी.
यह निर्णय प्रभारी पुलिस महानिदेशक और जेल महानिदेशक हिमांशु गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, रायपुर स्थित आकाश इंस्टीट्यूट में पढ़ने वाले पुलिस और जेलकर्मियों के बच्चों को कोर्स की पूरी फीस पर 30 से 50% तक की रियायत मिलेगी.
एलन इंस्टीट्यूट की रायपुर, भिलाई और बिलासपुर शाखाओं में प्रवेश लेने वाले पात्र विद्यार्थियों को फीस में 30% की छूट दी जाएगी. यह लाभ केवल किसी एक परीक्षा तक सीमित नहीं होगा. पुलिस और जेलकर्मियों की संतानों को IIT-JEE, NEET और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग में भी इसका लाभ मिल सकेगा.
आर्थिक बोझ कम करने की पहल
बैठक में हिमांशु गुप्ता ने कहा कि पुलिस और जेलकर्मी ड्यूटी के कारण कई बार अपने परिवार और बच्चों को पर्याप्त समय नहीं दे पाते. ऐसे में बच्चों की शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए कोचिंग संस्थानों के साथ यह पहल की गई है, ताकि पढ़ाई आर्थिक बाधा से प्रभावित न हो.
मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की निजी कोचिंग फीस कई परिवारों के बजट पर भारी पड़ सकती है. छूट मिलने से पात्र परिवारों को इन परीक्षाओं की तैयारी में आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है.
बैठक में डीसीपी तारकेश्वर पटेल के अलावा आकाश इंस्टीट्यूट के सतीश कुमार धृतलहरे तथा एलन इंस्टीट्यूट के देबाजीत चटर्जी और महेंद्र चंद्रा मौजूद रहे.
