छत्तीसगढ़ से 12 अक्टूबर को मानसून की विदाई के बाद राज्य के प्रमुख शहरों में वायु प्रदूषण बढ़ने लगा है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण मंडल की रिपोर्ट के अनुसार 15 अक्टूबर को बिलासपुर में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 111 दर्ज किया गया. AQI 50 से नीचे होने पर हवा को अच्छा माना जाता है.

रायपुर में AQI 75 और भिलाई में 62 दर्ज हुआ. पिछले साल 15 अक्टूबर की तुलना में बिलासपुर का AQI 9 अंक अधिक रहा. रायपुर में यह पिछले साल के 64 से बढ़कर 75 हो गया. कोरबा में AQI 36 से बढ़कर 48 दर्ज किया गया, जबकि भिलाई में पिछले साल के 70 के मुकाबले इस बार 62 रहा.

12 अक्टूबर के बाद दक्षिण-पश्चिमी हवा का प्रभाव कम होने और वातावरण शुष्क रहने से धूल के गुबार बढ़े हैं. सड़क किनारे चल रहे निर्माण कार्य और सफाई की कमी को बिलासपुर में प्रदूषण बढ़ने की प्रमुख वजहों में गिना गया है. रात का तापमान सामान्य से नीचे रहने, हवा की गति कम होने और वातावरण की निचली परतों में प्रदूषकों के जमा होने से भी स्थिति प्रभावित हुई है.

बारिश की फिर बन रही संभावना

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में रायपुर और सरगुजा संभाग से लेकर बस्तर के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 16 अक्टूबर को एक-दो स्थानों पर बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी है.

मौसम विभाग ने समुद्र से नमी आने के पीछे बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से जुड़ी दो द्रोणिकाओं का प्रभाव बताया है. बस्तर संभाग के सभी जिलों में बारिश की संभावना है. रायपुर में 16 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है.