छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राज्य की तीन बिजली कंपनियों ने भर्ती प्रक्रिया शुरू की है. जनरेशन, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों में कुल 1,501 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. विस्तृत भर्ती विज्ञापन 5 नवंबर को जारी किया गया है.

इच्छुक अभ्यर्थी 6 नवंबर शाम 8 बजे से 26 नवंबर रात 11:55 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख भी 26 नवंबर है. अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले पात्रता, चयन प्रक्रिया और अन्य निर्देशों की जानकारी भर्ती विज्ञापन में पढ़ने की सलाह दी गई है.

किन पदों पर भर्ती होगी

भर्ती में द्वितीय श्रेणी के 195 पद और तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के 1,306 पद शामिल हैं. कनिष्ठ अभियंता (जेई) इलेक्ट्रिकल के कुल 167 पद हैं. इनमें जनरेशन कंपनी के 11, ट्रांसमिशन कंपनी के 32 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 124 पद शामिल हैं.

डाटा एंट्री ऑपरेटर के 609 पद निर्धारित किए गए हैं. इनमें जनरेशन कंपनी में 95, ट्रांसमिशन कंपनी में 64 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी में 450 पद हैं. इसके अलावा सहायक अभियंता इलेक्ट्रिकल के 92, मैकेनिकल के 26, सिविल के 20 और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन के 10 पदों पर नियुक्तियां होंगी.

तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी आवेदन कर सकेंगे. साझा पदों के लिए अभ्यर्थियों को तीनों कंपनियों की प्राथमिकता बतानी होगी. चयन मेरिट, कंपनी की प्राथमिकता और उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर किया जाएगा. भर्ती की विस्तृत जानकारी पावर कंपनी की वेबसाइट cspc.co.in पर उपलब्ध है.

इस भर्ती को लेकर 7 अगस्त को लघु विज्ञापन और 14 सितंबर को संशोधन जारी किया गया था. 5 नवंबर को विस्तृत विज्ञापन जारी होने के साथ आवेदन प्रक्रिया आगे बढ़ी है.