छत्तीसगढ़ की तीनों स्टेट पावर कंपनियों में 1501 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है. विस्तृत भर्ती विज्ञापन 5 नवंबर को जारी किया गया था, जबकि ऑनलाइन आवेदन 6 नवंबर से शुरू हुए हैं. इच्छुक अभ्यर्थी 26 नवंबर 2026 की रात 11:55 बजे तक आवेदन कर सकेंगे.
भर्ती में द्वितीय श्रेणी के 195 और तृतीय-चतुर्थ श्रेणी के 1306 पद शामिल हैं. सबसे अधिक 609 पद डाटा एंट्री ऑपरेटर के हैं. कनिष्ठ अभियंता इलेक्ट्रिकल के 167 पदों पर भी नियुक्ति होगी. इनमें जनरेशन कंपनी के 11, ट्रांसमिशन कंपनी के 32 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 124 पद शामिल हैं.
किन पदों पर होगी भर्ती
सहायक अभियंता के 152 पदों के लिए मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर साइंस, आईटी और सिविल ब्रांच के पद शामिल किए गए हैं. इसके अलावा फायर ऑफिसर, सुरक्षा अधिकारी, प्रोग्रामर, शिफ्ट केमिस्ट और कनिष्ठ अभियंता के पद भी हैं.
तृतीय और चतुर्थ श्रेणी में अटेंडेंट प्लांट, फायर अटेंडेंट, स्टेनोग्राफर, सहायक लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स और रेडियोग्राफर समेत कई पदों पर भर्ती होगी.
आवेदन और पात्रता
अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा. शुल्क नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या यूपीआई से जमा किया जा सकेगा. विज्ञापन के अनुसार, तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी पात्र होंगे. शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य शर्तों की जानकारी आधिकारिक भर्ती विज्ञापन में दी गई है.
