छत्तीसगढ़ राज्य बिजली कंपनी के अधिकारी-कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) का लाभ दिलाने की मांग को लेकर 12 संगठनों ने संयुक्त मोर्चा बनाया है. संगठनों ने शासन की सैद्धांतिक सहमति के बाद भी योजना लागू नहीं होने पर नाराजगी जताई है.

‘कंपनी अधिकारी-कर्मचारी पुरानी पेंशन अधिकार मंच’ के बैनर तले आंदोलन के पहले चरण में दुर्ग में संयुक्त आमसभा की गई. इसके बाद कंपनी के दुर्ग क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक शिरीष शैलेट को ज्ञापन सौंपा गया.

छह अक्टूबर 2023 के आदेश का हवाला

अधिकार मंच ने छत्तीसगढ़ शासन के ऊर्जा विभाग के छह अक्टूबर 2023 के आदेश का हवाला दिया है. संगठनों के मुताबिक, इस आदेश में एक जनवरी 2004 या उसके बाद नियुक्त और नई अंशदायी पेंशन योजना से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों को पुरानी पेंशन प्रणाली में स्थानांतरित करने को सैद्धांतिक सहमति दी गई थी.

कर्मचारी संगठनों का कहना है कि शासन स्तर पर सहमति के बावजूद बिजली कंपनी में इसका क्रियान्वयन लंबित है. उनका दावा है कि इससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है. छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल पत्रोपाधि अभियंता संघ के प्रांतीय अध्यक्ष इंजीनियर श्रीकांत बड़गैंया ने ओपीएस को कर्मचारियों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा विषय बताया.

आंदोलन के अगले चरण में संगठन मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपकर समर्थन मांगेंगे. इसके बाद पांच अक्टूबर को रायपुर के डंगनिया स्थित कंपनी मुख्यालय में आमसभा और प्रदर्शन प्रस्तावित है. मंच ने प्रबंधन से पूर्व सहमति के आधार पर बिना देरी ओपीएस लागू करने की मांग की है.