छत्तीसगढ़ की तीनों पावर कंपनियों में 1,501 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ा दी गई है. अब अभ्यर्थी 3 दिसंबर की रात 11:55 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 26 नवंबर निर्धारित थी. आवेदन शुल्क जमा करने की प्रक्रिया भी इसी समयसीमा के भीतर पूरी करनी होगी.

पावर कंपनी प्रबंधन ने अभ्यर्थियों से अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए जल्द आवेदन करने की अपील की है. भर्ती का विस्तृत विज्ञापन और पदों से जुड़ी जानकारी कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है. अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य शर्तों की जांच करने को कहा गया है.

38 प्रकार के पदों पर भर्ती

भर्ती प्रक्रिया में तकनीकी और गैर-तकनीकी, दोनों श्रेणियों के पद शामिल हैं. कुल 1,501 पदों में द्वितीय श्रेणी के 195 पद हैं, जबकि तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के 1,306 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं. कनिष्ठ अभियंता, सहायक अभियंता समेत कुल 38 प्रकार के पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं.

अब तक डेढ़ लाख से अधिक आवेदन मिलने की जानकारी दी गई है. डेटा एंट्री ऑपरेटर के 609 पदों के लिए करीब 81 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है. इस आधार पर एक पद के लिए औसतन 133 से अधिक दावेदार हैं.

सीबीटी से होगी चयन प्रक्रिया

सभी 38 प्रकार के पदों के लिए चयन कंप्यूटर आधारित बहुविकल्पीय परीक्षा यानी सीबीटी के माध्यम से होगा. परीक्षा के अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी. डेटा एंट्री ऑपरेटर पद के अभ्यर्थियों को मेरिट में आने के बाद टाइपिंग टेस्ट देना होगा. स्टेनोग्राफर ग्रेड-3 के लिए अलग दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी. चयन प्रक्रिया से जुड़े विस्तृत निर्देश आधिकारिक भर्ती विज्ञापन में दिए गए हैं.