छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के नए अध्यक्ष की नियुक्ति का प्रस्ताव राजभवन में लंबित बताया जा रहा है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार ने सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी महादेव कांवड़े के नाम पर सहमति जताकर नियुक्ति संबंधी प्रस्ताव अनुमोदन के लिए राजभवन भेजा है.

बताया गया है कि प्रस्ताव करीब 15 दिनों से राजभवन में स्वीकृति का इंतजार कर रहा है. राजभवन से मंजूरी मिलने के बाद सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से नियुक्ति का आधिकारिक आदेश जारी किया जाएगा. फिलहाल नियुक्ति की अंतिम प्रक्रिया राजभवन की स्वीकृति और उसके बाद जारी होने वाली अधिसूचना पर निर्भर है.

राजपत्रित अधिकारी संघ ने राज्यपाल को लिखा पत्र

छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ के अध्यक्ष कमल वर्मा ने राज्यपाल रमेन डेका को पत्र भेजकर आयोग में अध्यक्ष की शीघ्र नियुक्ति की मांग की है. पत्र में कहा गया है कि अध्यक्ष का पद रिक्त रहने से आयोग के कामकाज और महत्वपूर्ण मामलों के निस्तारण पर असर पड़ रहा है.

संघ के अनुसार, लोक सेवा आयोग के माध्यम से सरकारी सेवाओं में भर्ती, चयन और पदोन्नति से जुड़ी प्रक्रियाएं संचालित होती हैं. अध्यक्ष का पद खाली होने के कारण भर्ती, पदोन्नति और अन्य आवश्यक प्रकरणों के निस्तारण में देरी की बात पत्र में कही गई है.

पत्र के मुताबिक, पदोन्नति से जुड़े मामलों में विलंब होने से पात्र अधिकारियों और कर्मचारियों के सेवागत हित प्रभावित हो रहे हैं. समय पर पदोन्नति नहीं मिलने पर उन्हें मिलने वाले वित्तीय और अन्य सेवा लाभ भी प्रभावित हो सकते हैं.