लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने लगातार दो दिनों तक छत्तीसगढ़ के जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिलों का दौरा कर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया. उन्होंने सड़कों, पुल-पुलियों, कॉलेज भवनों, अस्पताल और दरिमा एयरपोर्ट से जुड़े कामों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की.

निरीक्षण के दौरान खराब सड़क स्थिति और निर्माण कार्यों में देरी पर उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्देश दिए कि काम तय समयसीमा में और निर्धारित गुणवत्ता के साथ पूरा होना चाहिए. बंसल ने कहा कि परफॉर्मेंस गारंटी के तहत आने वाली सड़कों की मरम्मत नहीं करने वाले ठेकेदारों की बैंक गारंटी जब्त करने की कार्रवाई की जाए. मरम्मत नहीं होने पर ऐसे ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश भी दिए गए.

दरिमा-मैनपाट सड़क पर कार्रवाई के निर्देश

सरगुजा जिले में दरिमा-मैनपाट और बरियो-धौरपुर मार्ग का निरीक्षण करते हुए सचिव ने दोनों सड़कों की स्थिति पर जानकारी ली. अधिकारियों ने बताया कि ये सड़कें ठेकेदारों की परफॉर्मेंस गारंटी में हैं. इसके बाद दोनों ठेकेदारों की बैंक गारंटी जब्त करने के लिए नोटिस जारी करने को कहा गया.

दरिमा-मैनपाट मार्ग पर रिटेनिंग वॉल, पुल-पुलियों और गार्डवॉल की पेंटिंग कराने के निर्देश दिए गए. वहीं सोनतराई-मैनपाट सड़क पर कमलेश्वरपुर थाना चौक से कैंप नंबर-2 मंदिर तक 1.20 किलोमीटर हिस्से को फोरलेन बनाने का प्रस्ताव भेजने को कहा गया. कमलेश्वरपुर कॉलेज भवन का काम समय पर पूरा कराने और जमीन का सीमांकन कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए.

मेडिकल कॉलेज अस्पताल भवन का निर्माण धीमा मिलने पर ठेकेदार को नोटिस जारी करने को कहा गया. गुणवत्ता की निगरानी के लिए अनुभवी इंजीनियर नियुक्त करने के साथ निरीक्षण की जिम्मेदारियां भी तय की गईं. सब इंजीनियर रोज, एसडीओ हर दो दिन में तथा अधीक्षण अभियंता और मुख्य अभियंता हर महीने निर्माण कार्य की जांच करेंगे.

एयरपोर्ट और सूरजपुर की सड़कों की समीक्षा

दरिमा एयरपोर्ट पर टर्मिनल भवन के सामने की सड़क पर दोबारा डामर की परत बिछाने और बीसीएएस नियमों के अनुसार नई बाउंड्रीवॉल का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए. परिसर में उगी घास की कटाई भी तत्काल शुरू कराने को कहा गया.

सूरजपुर में बिशुनपुर-सूरजपुर-ओड़गी सड़क पर डामरीकरण तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए गए. 27 किलोमीटर लंबे तारा-प्रेमनगर-रामानुजनगर-कृष्णपुर मार्ग पर करीब 10 किलोमीटर डब्ल्यूएमएम कार्य पूरा होने और बैच मिक्स प्लांट लगने की जानकारी दी गई. ठेकेदार ने अगले तीन-चार दिनों में डामरीकरण शुरू करने और जून 2027 तक काम पूरा करने का भरोसा दिलाया.