छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों के गंभीर घायलों की समय पर मदद करने वाले नागरिकों को राहवीर योजना के तहत ₹25 हजार का पुरस्कार दिया जाएगा. योजना का उद्देश्य लोगों को हादसे के बाद घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता दिलाने के लिए प्रोत्साहित करना है.

कौन ले सकता है लाभ

ऐसा कोई भी व्यक्ति पात्र हो सकता है, जो मोटर वाहन से जुड़े गंभीर सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की तत्काल मदद करे और उसे हादसे के ‘गोल्डन ऑवर’ यानी शुरुआती एक घंटे के भीतर अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाए. गंभीर हादसे में बड़ी सर्जरी, मस्तिष्क या रीढ़ की हड्डी की चोट, कम से कम तीन दिन अस्पताल में भर्ती रहना या इलाज के दौरान मौत जैसी स्थितियां शामिल हैं.

पात्र राहवीर को ₹25 हजार की राशि के साथ प्रशस्ति प्रमाण पत्र भी दिया जाता है. एक हादसे में कई लोगों के मददगार होने पर पुरस्कार राशि उनके बीच बराबर बांटी जाती है. योजना के तहत अस्पताल या पुलिस से पुष्टि और जिला स्तर पर जांच के बाद भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जाती है. मददगार नागरिकों को कानूनी संरक्षण का भी प्रावधान है. आपात स्थिति में 112 पर संपर्क कर एंबुलेंस सहायता ली जा सकती है.