छत्तीसगढ़ में देवउठनी एकादशी के साथ शुरू हो रहे शादी के मौसम के बीच रेलवे ने 52 ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है. चक्रधरपुर मंडल के झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण 26 नवंबर से 17 दिसंबर के बीच अलग-अलग तारीखों में इन ट्रेनों का संचालन नहीं होगा. कुछ गाड़ियों के मार्ग बदले जाएंगे और कुछ को बीच के स्टेशनों पर ही यात्रा समाप्त करनी होगी.
पंचांग के अनुसार, नवंबर में विवाह के लिए 21, 24, 25 और 26 नवंबर शुभ दिन हैं. दिसंबर के पहले पखवाड़े में 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 दिसंबर को विवाह मुहूर्त हैं. इसके बाद 16 दिसंबर से सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ खरमास शुरू होगा, जिसके कारण मांगलिक कार्यों पर विराम माना जाता है. सीमित मुहूर्तों के कारण इस अवधि में बड़ी संख्या में शादियां होने की संभावना है.
किन रेल मार्गों पर असर
रद्दीकरण का असर हावड़ा, पुणे, मुंबई, अहमदाबाद और हैदराबाद से जुड़े रेल मार्गों पर पड़ने की बात सामने आई है. प्रभावित ट्रेनों में टाटानगर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी, हावड़ा-पुणे दुरंतो, छपरा-दुर्ग एक्सप्रेस, टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस, सांतरागाछी-पुणे एक्सप्रेस, तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस, मालदा टाउन-सूरत एक्सप्रेस और कामाख्या-एलटीटी एक्सप्रेस शामिल हैं. हटिया-पुणे और हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनें भी सूची में हैं.
जिन यात्रियों ने शादी समारोहों के लिए पहले से आरक्षण कराया है, उन्हें यात्रा योजना बदलनी पड़ सकती है या सड़क मार्ग का विकल्प चुनना पड़ सकता है. बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों के लिए परेशानी बढ़ने की आशंका है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस और संशोधित समय-सारणी जरूर जांच लें.
