छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां फिर बढ़ने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक 22 सितंबर को रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, बस्तर, बीजापुर, नारायणपुर और कांकेर समेत कई जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है.

मौसम विभाग ने एक-दो जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी दी है. बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है. इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. यह सिस्टम 23 सितंबर की सुबह के आसपास आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तट के पास पहुंचने का अनुमान है.

रायपुर में गरज-चमक के साथ बौछारें

रायपुर में 22 सितंबर को गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

24 सितंबर से बस्तर में बढ़ेगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार 24 सितंबर को बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका है. हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. मौसमी बारिश फिलहाल सामान्य के आसपास बताई गई है.