छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘अकवान’ के प्रभाव से हुई बेमौसम बारिश ने धान खरीदी व्यवस्था को प्रभावित किया है. कई उपार्जन केंद्रों में पानी भरने के कारण तौल का काम रोकना पड़ा. टोकन लेकर धान बेचने पहुंचे कुछ किसानों को बिना उपज बेचे ही वापस लौटना पड़ा.
बारिश से खेतों में कटाई के बाद रखी धान की फसल भी भीगने लगी है. इससे किसानों को फसल की गुणवत्ता और नुकसान की चिंता बढ़ गई है. किराए के वाहनों से धान लेकर पहुंचे किसानों पर अतिरिक्त परिवहन खर्च का भी दबाव पड़ा.
धमतरी जिले में 108 धान उपार्जन केंद्र हैं. बारिश के दौरान आमदी, छाती और मगरलोड सहित सीमित केंद्रों पर ही खरीदी जारी रहने की जानकारी सामने आई है, जबकि अन्य केंद्रों पर तौल प्रभावित रही. केंद्रों में पहले से रखे धान को तिरपाल से ढककर सुरक्षित रखने की कोशिश की गई.
मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने केंद्र प्रभारियों को कैप कवर, तिरपाल और जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों से खरीदे गए धान की लगातार निगरानी करने और बारिश का पानी स्टैक तक नहीं पहुंचने देने को कहा गया है.
