छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का दौर फिलहाल थमा हुआ है, लेकिन राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है. लगातार हुई बारिश से प्रदेश के प्रमुख और मध्यम जलाशयों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ा है.

12 सितंबर तक राज्य में कुल 1001 मिमी बारिश दर्ज की गई. इस अवधि का सामान्य औसत 1041.1 मिमी है, यानी अब तक हुई बारिश सामान्य से करीब 4 प्रतिशत कम है.

प्रदेश के 46 प्रमुख और मध्यम जलाशयों में औसत जलभराव 91.10 प्रतिशत तक पहुंच गया है. इनमें सात जलाशय पूरी तरह भर चुके हैं, जबकि 18 अन्य जलाशयों में 90 प्रतिशत से अधिक पानी मौजूद है. जलस्तर बढ़ने के कारण धमतरी के रविशंकर सागर समेत कई जलाशयों के गेट खोलने पड़े हैं.

पिछले 24 घंटे में दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी से अतिभारी बारिश दर्ज की गई. धनोरा में सबसे अधिक 140 मिमी और बस्तर में 100 मिमी बारिश हुई. पखांजूर, नांगुर, कोंडागांव और अंतागढ़ में 90-90 मिमी वर्षा दर्ज की गई.

13 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. राजधानी रायपुर में आसमान सामान्य रूप से बादलों से घिरा रहने और हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना बताई गई है.