रायपुर. छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले राज्योत्सव की थीम इस बार ‘सुंदर, सुघ्घर और माओवाद मुक्त छत्तीसगढ़’ रखी गई है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आमंत्रण पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल के अनुसार, राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, लोक कला और राज्य की नई पहचान को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा. आयोजन स्थल पर आम लोगों की सुविधा, सुरक्षा और आवागमन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं.

स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ के स्थानीय कलाकारों और लोक नर्तकों को प्राथमिकता दी जाएगी. मंत्री के मुताबिक, जनता और युवाओं की मांग को ध्यान में रखते हुए देश के तीन ख्यातिप्राप्त बाहरी कलाकारों को भी आमंत्रित किया जाएगा. आयोजन में स्थानीय लोक संस्कृति और राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों का संयोजन देखने को मिलेगा.

राम वन गमन परिपथ के 31 स्थल विकसित होंगे

सरकार ने राम वन गमन परिपथ के शोध और ऐतिहासिक तथ्यों के आधार पर चयनित 31 प्रमुख स्थलों के सर्वांगीण विकास की योजना बनाई है. इन स्थलों का विकास तीन चरणों में अगले तीन वर्षों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य बताया गया है.

योजना के तहत पिछली सरकार के समय अधूरे रह गए कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा. पूर्व निर्मित सुविधाओं का उपयोग सुनिश्चित करने के साथ हरचौका और सीतामढ़ी के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. प्रस्तावित स्थलों में धमतरी का रुद्रेश्वर महादेव मंदिर और सिहावा का शृंगी ऋषि-सप्तर्षि आश्रम, शिवरीनारायण-खरौद क्षेत्र, सुकमा के रामाराम और चिंतामित्र मंदिर, सरगुजा का रामगढ़-सीता बेंगरा तथा बस्तर का चित्रकोट शिव मंदिर शामिल हैं. श्रद्धालुओं के लिए आश्रय स्थल, सत्संग भवन और सीता रसोई जैसी सुविधाएं भी विकसित की जानी हैं.