छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में राज्योत्सव मनाया जाएगा. सामान्य प्रशासन विभाग ने 27 अक्टूबर को कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथियों के निर्धारण का आदेश जारी किया है. जिला प्रशासन को मुख्य अतिथियों से परामर्श कर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने और जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.

इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है. कार्यक्रम स्थलों पर सरकारी योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और विकास परियोजनाओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी. स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे. कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी कार्यक्रमों के दौरान लाभान्वित किए जाने की योजना है.

जिलों के लिए मुख्य अतिथियों की जिम्मेदारी

आदेश के अनुसार, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू जांजगीर-चांपा, उप मुख्यमंत्री अरुण साव बिलासपुर और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा दुर्ग में मुख्य अतिथि होंगे. रायगढ़ में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, सरगुजा में रामविचार नेताम, कांकेर में केदार कश्यप, कोरबा में लखनलाल देवांगन और जशपुर में श्याम बिहारी जायसवाल को जिम्मेदारी दी गई है.

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में दयालदास बघेल, सूरजपुर में लक्ष्मी राजवाड़े, गरियाबंद में टंकराम वर्मा, राजनांदगांव में गजेंद्र यादव और बीजापुर में गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि होंगे.

बलौदाबाजार-भाटापारा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में विजय बघेल, कबीरधाम में संतोष पांडेय, बलरामपुर-रामानुजगंज में चिंतामणि महाराज और महासमुंद में रूपकुमारी चौधरी को जिम्मेदारी मिली है. अन्य जिलों में सांसदों और विधायकों को मुख्य अतिथि बनाया गया है.

तीन दिन रोशन रहेंगे सरकारी भवन

राज्योत्सव के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक सभी जिला मुख्यालयों में सरकारी भवनों को रोशनी से सजाया जाएगा. इसकी व्यवस्था संबंधित विभाग अपने बजट से करेंगे. शासन ने आयोजन की गरिमा बनाए रखने और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.