रायपुर. छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर के मेला ग्राउंड में 1 से 3 नवंबर तक तीन दिवसीय राज्योत्सव आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम के मुख्य मंच पर बॉलीवुड के पार्श्व गायक-गायिकाएं प्रस्तुति देंगे, जबकि शिल्पग्राम मंच पर प्रदेश की लोकसंस्कृति और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी.

उद्घाटन समारोह के बाद 1 नवंबर की रात 8 बजे गायिका पलक मुच्छल मुख्य मंच पर प्रस्तुति देंगी. दूसरे दिन, 2 नवंबर को ‘मैं अयोध्या हूं’ नाट्य मंचन के बाद गायिका स्वास्ति मेहुल कार्यक्रम पेश करेंगी. राज्योत्सव के अंतिम दिन 3 नवंबर को रात 9 बजे गायक अभिजीत भट्टाचार्य के गीतों के साथ आयोजन का समापन होगा.

शिल्पग्राम मंच पर हर दिन दोपहर 3 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे. आयोजकों के अनुसार, तीनों दिनों में 30 से अधिक स्थानीय प्रस्तुतियां होंगी. इनमें लोककला, लोकसंगीत, नृत्य, नाटक और अन्य सांस्कृतिक विधाएं शामिल रहेंगी.

पहले दिन लोकसंगीत, गिटार वादन, रिदम बैंड और फ्यूजन बैंड के साथ पंडवानी गायन प्रस्तुत किया जाएगा. दुर्ग के चेतन देवांगन और रायपुर की दुर्गा साहू पंडवानी पेश करेंगे, जबकि अनुष्का सुल्ताना शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत करेंगी.

दूसरे दिन ओडिसी, कथक, सुआ नृत्य, पंडवानी गाथा, सूफी, गजल और सुगम गायन के कार्यक्रम होंगे. अंतिम दिन पंथी नृत्य, जसगीत, भजन और आदिवासी लोकसंगीत प्रस्तुत किया जाएगा. दुर्ग की आरती बारले और रायपुर के कलाकार भी इसमें भाग लेंगे.

राज्योत्सव में बॉलीवुड प्रस्तुतियों के साथ छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कलाओं को मंच देने पर जोर रहेगा. आयोजन से प्रदेश के स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और दर्शक राज्य की लोक-सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सकेंगे.