छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय राज्योत्सव का समापन मंगलवार, 3 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में होगा. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे.
समापन समारोह के दौरान राज्य अलंकरण समारोह भी आयोजित किया जाएगा. इसमें विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रदेश की प्रतिभाओं और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा.
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की लोक और आदिवासी संस्कृति को भी प्रमुखता दी गई है. पद्मश्री उषा बारले की प्रस्तुति के साथ लोक-सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे. इसके बाद पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य का संगीत कार्यक्रम प्रस्तावित है.
राज्योत्सव 1 नवंबर से आयोजित किया जा रहा है. इस वर्ष के आयोजन में राज्य की सांस्कृतिक विरासत, लोक कलाओं और विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जा रहा है. समापन कार्यक्रम के साथ शिल्पग्राम में स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां भी जारी रहेंगी.
