राज्योत्सव 2026 के अंतिम दिन जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं विभाग की प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. प्रदर्शनी में बंदियों द्वारा तैयार अचार, नमकीन, सरसों का तेल, जूट के सामान और अन्य उत्पाद रखे गए थे. लोगों ने इनकी गुणवत्ता और निर्माण प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली. कई आगंतुकों ने यह भी पूछा कि इन उत्पादों को बाजार में कहां से खरीदा जा सकता है.

प्रदर्शनी में ‘आस्था’ ब्रांड के नाम से तैयार नमकीन और अचार विशेष आकर्षण का केंद्र रहे. इसके अलावा दुर्ग में तैयार की जाने वाली लाइट्स और उनकी असेंबलिंग से जुड़े काम को भी लोगों को दिखाया गया. बंदियों की बनाई पेंटिंग, भगवान गणेश और मां दुर्गा की प्रतिमाएं भी प्रदर्शित की गईं.

रोजगार से जोड़ने के लिए कौशल प्रशिक्षण

बंदियों को दिए जा रहे व्यावसायिक प्रशिक्षण की जानकारी देने के लिए हाथकरघे का चलित मॉडल रखा गया था. इसके माध्यम से बताया गया कि जेलों में अलग-अलग कामों की ट्रेनिंग दी जा रही है, ताकि रिहाई के बाद बंदी अपने हुनर के आधार पर रोजगार या स्वरोजगार से जुड़ सकें.

फोटो प्रदर्शनी में महिला बंदियों द्वारा अचार तैयार करने और युवा बंदियों को फास्ट फूड बनाने का प्रशिक्षण देने की जानकारी भी दी गई. ये गतिविधियां ‘निश्चय कार्यक्रम’ के तहत संचालित की जा रही हैं.

शिक्षा और सुधारात्मक गतिविधियों की झलक

प्रदर्शनी में जेलों की स्मार्ट क्लास और डिजिटल शिक्षा से जुड़ी गतिविधियां भी दिखाई गईं. केंद्रीय जेल रायपुर के युवा बंदी वासुदेव चौहान की उपलब्धि भी प्रदर्शित की गई. सामग्री के अनुसार, उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के 18 अध्यायों के 700 श्लोक याद किए हैं. खुली जेल की व्यवस्था और बंदियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों को भी तस्वीरों के जरिए प्रस्तुत किया गया.