नवा रायपुर अटल नगर में चल रहे तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के दूसरे दिन 2 नवंबर को कला, संस्कृति, संगीत और लोकपरंपराओं से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. मुख्य मंच पर शाम 6 बजे से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी. इस विशेष समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे.
मुख्य मंच पर शाम 6 से 7 बजे तक ‘मैं अयोध्या हूं’ नाट्य प्रस्तुति का मंचन किया जाएगा. प्रस्तुति में अयोध्या की ऐतिहासिक, धार्मिक और आध्यात्मिक विरासत को नाट्य रूप में दिखाया जाएगा. इसके जरिए भारतीय संस्कृति, आस्था, परंपरा और इतिहास से जुड़े पक्षों को कलात्मक ढंग से सामने रखने की तैयारी है.
इसके बाद शाम 7 से 8 बजे तक छत्तीसगढ़ के गायक सुनील सोनी संगीत प्रस्तुति देंगे. रात 8 बजे से पार्श्व गायिका स्वास्ति मेहुल की प्रस्तुति होगी. आयोजकों के कार्यक्रम के अनुसार, इन प्रस्तुतियों में छत्तीसगढ़ी संगीत के साथ भारतीय संगीत की विविध शैलियों की झलक देखने को मिलेगी.
शिल्पग्राम में लोक और शास्त्रीय कलाओं का मंच
मुख्य मंच के अलावा शिल्पग्राम में दोपहर 3 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे. यहां दूसरे दिन कुल 11 प्रस्तुतियां प्रस्तावित हैं. इनमें लोकसंगीत, पंडवानी, सुआ नृत्य, ओडिसी, कथक, सूफी संगीत, गजल और लोकमंच शामिल हैं.
प्रसन्ना अवस्थी लोकसंगीत एवं नृत्य, सुष्मिता दास ओडिसी और दुर्ग की समप्रिया पूजा निषाद पंडवानी प्रस्तुत करेंगी. बिलासपुर के अंकित निर्मलकर सूफी, गजल और सुगम गायन पेश करेंगे. गरियाबंद की मिलवंतीन बाई सुआ नृत्य प्रस्तुत करेंगी, जबकि रायपुर की मेघा बोस ताम्रकार लोकसंगीत की प्रस्तुति देंगी.
आंचल पाण्डेय और विनीता त्रिपाठी कथक, धमतरी की रुखमनी दीवान लोकमंच, आदित्य मिश्रा बैंड संगीत और तेजराम साहू लोकमंच की प्रस्तुति देंगे. पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्योत्सव के जरिए स्थानीय कलाकारों, जनजातीय परंपराओं और छत्तीसगढ़ की लोककलाओं को व्यापक मंच देने का प्रयास किया जा रहा है.
