छत्तीसगढ़ में किसी पात्र परिवार की ई-केवाईसी अधूरी होने या पोर्टल पर सदस्य के नाम के सामने ‘नॉट वेरिफाइड’ दिखने से राशन बंद नहीं किया जाएगा. खाद्य विभाग ने राशन दुकानों पर सत्यापन और वितरण से जुड़ी प्रक्रियाओं को लेकर स्थिति स्पष्ट की है.
राशन दुकान पर मशीन में अंगूठे का निशान दर्ज नहीं होने पर भी हितग्राही को वापस नहीं लौटाया जा सकेगा. बुजुर्गों, श्रमिकों और फिंगरप्रिंट संबंधी समस्या वाले लोगों के लिए फेस ऑथेंटिकेशन की सुविधा दी गई है. फेस ई-केवाईसी के माध्यम से सत्यापन पूरा होने के बाद सदस्य का स्टेटस ‘वेरिफाइड’ हो सकेगा. इसके लिए फेस ऑथेंटिकेशन एप का इस्तेमाल किया जा सकता है.
राशन कार्ड में सुधार और सदस्य जोड़ने की सुविधा
राशन कार्ड में नाम, जन्मतिथि या आधार से जुड़ी अन्य व्यक्तिगत जानकारी गलत दर्ज होने पर उचित मूल्य दुकान के ई-पॉस उपकरण के जरिए सुधार कराया जा सकेगा. ई-केवाईसी अपडेट और आधार संबंधी जानकारी में संशोधन के लिए हितग्राही राशन दुकान संचालक से संपर्क कर सकते हैं.
परिवार में नया सदस्य जोड़ने, किसी सदस्य का नाम हटाने और नया राशन कार्ड बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी दी गई है. खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के पोर्टल पर सिटीजन लॉगिन के जरिए ये आवेदन किए जा सकते हैं. नए राशन कार्ड के लिए आधार नंबर और मोबाइल पर मिले ओटीपी से लॉगिन करना होगा. सदस्य का नाम जोड़ने या हटाने के लिए राशन कार्ड नंबर और पंजीकृत मोबाइल पर मिले ओटीपी की जरूरत होगी.
कम राशन मिलने पर शेष खाद्यान्न देना होगा
आवंटन, वितरण रिकॉर्ड या तकनीकी समस्या के कारण यदि किसी हितग्राही को निर्धारित मात्रा से कम खाद्यान्न मिला है और शिकायत का समाधान हो चुका है, तो उसे शेष खाद्यान्न उपलब्ध कराना होगा. उचित मूल्य दुकान संचालक रिकॉर्ड और आवंटन की जांच किए बिना हितग्राही को वापस नहीं भेज सकेंगे.
खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा के अनुसार, सहायक खाद्य अधिकारियों और खाद्य निरीक्षकों को दुकानों की निगरानी तथा पात्र परिवारों की समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी दी गई है. पुराने राशन कार्ड वाले परिवार खाद्य विभाग के पोर्टल पर अपना नया आरसी नंबर खोज सकते हैं.
