रायपुर. छत्तीसगढ़ में खरीफ फसल गिरदावरी 2026-27 को लेकर राजस्व पटवारी संघ के बाद अब राजस्व निरीक्षक संघ ने भी PV (फसल भौतिक सत्यापन) ऐप से कराए जा रहे काम का विरोध किया है. छत्तीसगढ़ राजस्व निरीक्षक संघ ने इस कार्य के पूर्ण बहिष्कार की घोषणा करते हुए राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव को पत्र भेजा है.
संघ के अनुसार, खरीफ गिरदावरी के लिए 17 अगस्त 2026 से 30 सितंबर 2026 तक की समय-सीमा तय की गई है. डीसीएस और ऑनलाइन फसल एंट्री के लिए भी समय-सीमा निर्धारित है. प्रदेश के सभी गांवों में सर्वेयर नियुक्त कर 17 अगस्त से ऑनलाइन गिरदावरी कराई जा रही है. डीसीएस से छूटे खसरों की PV ऐप के माध्यम से फसल गिरदावरी कराने के निर्देश पटवारियों को दिए गए थे.
संघ का दावा है कि पटवारी संघ के कार्य बहिष्कार के बाद वैकल्पिक व्यवस्था के तहत विभिन्न जिलों में राजस्व निरीक्षकों को यह काम सौंपा जा रहा है. राजस्व निरीक्षक संघ ने इसे कार्य-विभाजन के अनुरूप नहीं बताया है.
निरीक्षण और पर्यवेक्षण को मूल दायित्व बताया
संघ ने पत्र में कहा कि राजस्व निरीक्षक पटवारियों के निरीक्षण और पर्यवेक्षण अधिकारी होते हैं. उनका काम पटवारियों द्वारा किए जाने वाले कार्यों का निरीक्षण, पर्यवेक्षण और मार्गदर्शन करना है, न कि पटवारी के पद से जुड़े कार्यों को सीधे करना.
संघ ने यह भी कहा कि राजस्व निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में कई गांव आते हैं, जबकि पटवारियों का हल्का क्षेत्र अपेक्षाकृत सीमित होता है. उसके अनुसार फसल का भौतिक सत्यापन किसानों के हित से जुड़ा महत्वपूर्ण काम है, लेकिन इतने बड़े क्षेत्र में इसे तय समय-सीमा के भीतर पूरा करना संभव नहीं होगा.
संघ ने चेतावनी दी है कि दबाव डालकर PV ऐप से गिरदावरी कराई गई तो सभी राजस्व निरीक्षक बिना पूर्व सूचना के अनिश्चितकालीन हड़ताल और धरना-प्रदर्शन करेंगे. संघ ने विभाग से निरीक्षकों को उनके मूल दायित्वों तक सीमित रखने और पटवारी स्तर के कार्यों से अलग रखने का स्पष्ट आदेश जारी करने की मांग की है.
