छत्तीसगढ़ सरकार ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस एक्ट-2026 को लागू करने के लिए 90 दिन की कार्ययोजना तैयार की है. इसके तहत 43 सेवाओं, 9 सरकारी अधिनियमों और 8 विभागों की समीक्षा की जाएगी. योजना के अनुसार, तय समयसीमा में प्रमाणपत्र जारी नहीं होने पर deemed approval यानी स्वतः मंजूरी मानी जाएगी. देरी होने पर नियमों के तहत जुर्माना भी लगाया जा सकेगा.

यह निर्णय मंत्रालय में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया. 27 अगस्त से शुरू हुई प्रक्रिया के तहत विभागों के लिए नोडल अधिकारी तय करने और कामकाज की मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी करने के निर्देश दिए गए हैं. सेवाओं की रोजाना समीक्षा होगी, जबकि हर तीन महीने में इसकी निगरानी की जाएगी.

तीन स्तरों पर निगरानी

एक्ट के क्रियान्वयन के लिए तीन स्तरीय निगरानी व्यवस्था बनाई गई है. राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली एपेक्स काउंसिल, कार्यकारी स्तर पर मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली समिति और जिला स्तर पर कलेक्टर की अध्यक्षता वाली जिला सशक्त समिति इसकी निगरानी करेगी.

नागरिक सेवाओं को ऑनलाइन और आसान बनाने के लिए वसुंधरा प्रोजेक्ट के तहत राजस्व रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण शुरू किया गया है. पहले चरण में कुछ जिलों के रिकॉर्ड डिजिटल किए जाएंगे. इसके बाद यह व्यवस्था प्रदेश के सभी 33 जिलों में लागू करने की योजना है.

प्रोजेक्ट में अधिकार अभिलेख पंजी, मिसल, निस्तार पत्रक, खसरा, राजस्व अदालतों के आदेश, गांवों के नक्शे, संशोधन पंजी, 2020 से पहले के खसरा पंचशाला रिकॉर्ड और किश्तबंदी खतौनी की स्कैनिंग व डेटा एंट्री की जाएगी.

डिजिटल रिकॉर्ड को सेवा सेतु पोर्टल से जोड़ा जाएगा. नागरिक इसके जरिये ऑनलाइन आवेदन, फीस भुगतान, प्रमाणित डिजिटल प्रति प्राप्त करने और आवेदन की स्थिति देखने जैसी सुविधाओं का उपयोग कर सकेंगे. बारकोड, OCR और AI आधारित सर्च तकनीक से पुराने हस्तलिखित दस्तावेजों को खोजने की सुविधा भी विकसित की जाएगी.