रायपुर. छत्तीसगढ़ सरकार ने राजस्व विभाग से जुड़ी सात सेवाओं के लिए निश्चित समय-सीमा तय की है. यह बदलाव छत्तीसगढ़ लोक सेवा गारंटी अधिनियम, 2011 के तहत राजस्व विभाग की अधिसूचना में संशोधन के जरिए किया गया है. राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अधिसूचना 13 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ राजपत्र में प्रकाशित होने की जानकारी दी गई है.
संशोधन में सेवाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज, सेवा उपलब्ध कराने की अवधि और जिम्मेदार अधिकारियों के पदनाम निर्धारित किए गए हैं.
किस सेवा के लिए कितनी समय-सीमा
प्राकृतिक आपदा में मृत्यु या शारीरिक क्षति पर आर्थिक सहायता देने के लिए 30 कार्य दिवस की समय-सीमा तय की गई है. इस सेवा की जिम्मेदारी कलेक्टर कार्यालय की होगी. भूमि सीमांकन के मामलों के लिए तहसील कार्यालय में 35 कार्य दिवस निर्धारित किए गए हैं. इस काम के लिए नायब तहसीलदार, तहसीलदार या अतिरिक्त तहसीलदार जिम्मेदार होंगे.
नजूल पट्टे के नवीनीकरण में 60 कार्य दिवस लगेंगे और इसकी जिम्मेदारी नजूल अधिकारी की होगी. छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता की धारा 165 (7-ख) के तहत भूमि अंतरण की अनुमति के लिए 90 कार्य दिवस तय किए गए हैं. इसका निर्णय कलेक्टर करेंगे. राजस्व न्यायालयों में विवादित मूल मामलों के निपटारे के लिए भी 90 कार्य दिवस की समय-सीमा रखी गई है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित न्यायालय के पीठासीन अधिकारी की होगी.
बंदोबस्त संबंधी त्रुटि सुधार के लिए तहसील कार्यालय स्तर पर 30 और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) स्तर पर 90 कार्य दिवस की अवधि तय की गई है. वहीं, भू-राजस्व संहिता की धारा 170 (ख) के तहत आदिम जनजाति के सदस्यों की धोखाधड़ी से अंतरित भूमि से जुड़े मामलों के निपटारे के लिए 90 कार्य दिवस निर्धारित हैं.
आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज
भूमि सीमांकन के लिए आवेदन पत्र, खसरा, बी-1, नक्शा, सीमावर्ती किसानों की जानकारी और शुल्क रसीद देनी होगी. नजूल पट्टा नवीनीकरण के लिए मूल पट्टे की प्रति, नजूल संधारण खसरा-नक्शा, आधार कार्ड और पूर्व भू-भाटक चालान जरूरी होंगे. भूमि अंतरण, बंदोबस्त त्रुटि सुधार और आदिम जनजाति भूमि मामलों में संबंधित कानूनी दस्तावेज और राजस्व अभिलेख जमा करने होंगे.
