छत्तीसगढ़ में नदियों को प्रदूषित करने के 30 हजार से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं. जलशक्ति मंत्रालय को भेजी गई जुलाई 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, उपलब्ध निकायवार आंकड़ों में रायपुर सबसे ऊपर है. यहां 17,371 प्रकरण दर्ज किए गए हैं.
रिपोर्ट में रायगढ़ में 6,520, बिलासपुर में 3,729 और कोरबा में 1,204 मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है. इसके अलावा धमतरी में 594 और कांकेर में 514 प्रकरण सामने आए हैं. छोटे निकाय भी इस समस्या से प्रभावित हैं. नवापारा में 159, राजिम में 151 और सिमगा में 68 मामले दर्ज किए गए हैं.
सीवरेज और औद्योगिक अपशिष्ट मुख्य स्रोत
रिपोर्ट के अनुसार, शहरों की नालियों, सीवरेज, घरेलू अपशिष्ट और औद्योगिक कचरे के जरिए प्रदूषित पानी जलस्रोतों तक पहुंच रहा है. रायपुर में सीवरेज और नालियों का गंदा पानी प्रमुख समस्या बताया गया है. वहीं रायगढ़ और कोरबा जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में औद्योगिक अपशिष्ट को मुख्य कारण माना गया है.
आंकड़ों से यह भी संकेत मिलता है कि नदी प्रदूषण केवल बड़े औद्योगिक शहरों तक सीमित नहीं है. छोटे निकायों में नालियों का पानी सीधे नदियों में मिलने से स्थिति गंभीर बनी हुई है.
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के मुख्य अभियंता राजेश शर्मा के अनुसार, राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के दिशा-निर्देशों के तहत नदियों की अद्यतन स्थिति की रिपोर्ट जलशक्ति मंत्रालय को भेजी गई है. उन्होंने बताया कि प्रदूषण फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है और निकायों के माध्यम से 30 हजार से अधिक मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है.
