छत्तीसगढ़ में अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई और चार लोग घायल हुए हैं. पहला हादसा रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में हुआ, जबकि दूसरा सूरजपुर जिले के सलका-करौटी मार्ग पर हुआ.

रायपुर में शादी से लौट रहे परिवार की कार को टक्कर

रायपुर के अग्रसेन धाम चौक के पास शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार स्कोडा कार ने बलेनो को टक्कर मार दी. बलेनो में सवार श्याम नगर निवासी 60 वर्षीय नरेंद्र सिंह भसीन की मौके पर मौत हो गई. बताया गया कि परिवार नया रायपुर में भतीजी की शादी में शामिल होकर लौट रहा था.

हादसे में बलेनो सवार एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं. उनका इलाज मेकाहारा में चल रहा है. टक्कर के बाद बलेनो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

पुलिस के अनुसार, स्कोडा में चार युवक सवार थे. हादसे के बाद वे कार छोड़कर मौके से फरार हो गए. पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और युवकों की पहचान व तलाश की जा रही है.

हादसे से पहले युवकों के सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने का एक वीडियो सामने आने की बात कही जा रही है. पुलिस इसकी जांच कर रही है. हालांकि, हादसे के समय वे नशे में थे या नहीं और वीडियो का दुर्घटना से कोई संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है. तेलीबांधा थाना प्रभारी अरुण झा के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला रैश ड्राइविंग का लग रहा है. इस मामले में अभी एफआईआर दर्ज नहीं हुई है.

सूरजपुर में ट्रक की टक्कर से दंपती की मौत

सूरजपुर के टईया गांव के पास ट्रक और बाइक की भिड़ंत में देवनाथ और उनकी पत्नी मनबसिया की मौके पर मौत हो गई. उनके साथ बाइक पर सवार 12 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ है.

बताया गया कि दंपती अपने दामाद के घर आए थे और बच्चे के साथ बाइक से जा रहे थे. टक्कर के बाद बाइक ट्रक में फंसकर करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई. स्थानीय लोगों ने बच्चे को अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया.

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. चेन्द्रा चौकी पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है और चालक की तलाश कर रही है.