रायपुर. छत्तीसगढ़ में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर राज्य सरकार ने नियमों में बदलाव किया है. अब पड़ोस की निर्धारित दूरी प्रवेश के लिए अनिवार्य पात्रता नहीं होगी. इसे केवल प्रवेश में प्राथमिकता देने का आधार माना जाएगा.
स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुसार, इस बदलाव का उद्देश्य आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग के अधिक बच्चों को निजी स्कूलों में RTE के तहत निःशुल्क प्रवेश का अवसर देना है. विभाग ने प्रवेश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया है.
कक्षावार दूरी के आधार पर प्राथमिकता
नए प्रावधानों के तहत कक्षा पहली से पांचवीं तक के लिए स्कूल से शून्य से एक किलोमीटर के दायरे में रहने वाले पात्र बच्चों को प्रवेश में पहली प्राथमिकता दी जाएगी. कक्षा छठवीं से आठवीं तक के मामलों में शून्य से तीन किलोमीटर के दायरे में रहने वाले बच्चों को प्राथमिकता मिलेगी.
हालांकि, इन दूरी सीमाओं से बाहर रहने वाले पात्र बच्चे प्रवेश के अवसर से वंचित नहीं होंगे. यदि निर्धारित दायरे से पर्याप्त आवेदन नहीं मिलते और RTE के तहत आरक्षित 25 प्रतिशत सीटें खाली रह जाती हैं, तो उन सीटों पर अन्य क्षेत्रों के पात्र बच्चों को भी प्रवेश दिया जा सकेगा.
विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में हर सीट या आवेदन के लिए सक्षम प्राधिकारी से अलग-अलग अनुमति लेने की जरूरत नहीं होगी.
स्कूल शिक्षा विभाग ने यह व्यवस्था शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सुझावों तथा सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप लागू किए जाने की बात कही है. सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी कलेक्टरों और जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं. विभाग ने RTE अधिनियम, 2009 की धारा 12(1)(ग) के प्रभावी क्रियान्वयन और धारा 12(2) के तहत निजी स्कूलों को प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया आसान बनाने पर भी जोर दिया है.
