छत्तीसगढ़ में शिक्षा का अधिकार (RTE) कानून के तहत निजी स्कूलों को दी जाने वाली फीस या प्रतिपूर्ति राशि के पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया शुरू हो गई है. राज्य सरकार ने इस मुद्दे पर विचार करने के लिए सात अधिकारियों की समिति बनाई है. स्कूल शिक्षा विभाग ने गुरुवार को समिति के गठन का आदेश जारी किया.
समिति RTE के तहत निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की शिक्षा पर होने वाले खर्च का आकलन करेगी. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस आकलन के आधार पर सरकार को यह सुझाव दिया जाएगा कि RTE के तहत स्कूलों को कितनी राशि दी जानी चाहिए. नई राशि तय होने के बाद राज्य सरकार इसकी जानकारी केंद्र सरकार को देगी.
रायपुर के संयुक्त संचालक अध्यक्ष
समिति में रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव के शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी शामिल हैं. रायपुर के संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है. जिला शिक्षा अधिकारी, रायपुर सदस्य होंगे. समग्र शिक्षा के उप संचालक एसके सारस्वत को सदस्य सचिव बनाया गया है.
इसके अलावा लोक शिक्षण संचालनालय के सहायक संचालक (वित्त) पोषण लाल वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय दुर्ग के सहायक संचालक, राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव के विकासखंड शिक्षा अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय रायपुर के सहायक संचालक समिति के सदस्य होंगे.
निजी स्कूल संगठन ने आंदोलन का जिक्र किया
छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन ने समिति बनने पर मुख्यमंत्री और स्कूल शिक्षा मंत्री के प्रति आभार जताया है. संगठन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता के अनुसार, निजी स्कूल RTE के तहत बच्चों को पढ़ाने के बदले मिलने वाली राशि बढ़ाने की मांग कर रहे थे.
संगठन का कहना है कि इस मांग और फीस के पुनर्निर्धारण के लिए उसने 1 मार्च से 17 मई तक असहयोग आंदोलन किया था. एसोसिएशन के अनुसार, तय राशि का 70 प्रतिशत हिस्सा केंद्र सरकार देगी. हालांकि, समिति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही नई राशि पर अंतिम निर्णय होगा.
