छत्तीसगढ़ की मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना ने एक साल पूरा कर लिया है. योजना के तहत बस्तर और सरगुजा संभाग के 13 जिलों में 107 बसें 106 मार्गों पर संचालित हो रही हैं. इन बसों से 850 ऐसे गांवों में नियमित यात्री सेवा पहुंची है, जहां पहले बस सुविधा उपलब्ध नहीं थी.
यह योजना 4 अक्टूबर 2025 को जगदलपुर से शुरू हुई थी. पहले चरण में 34 मार्गों पर 34 बसों के जरिए करीब 250 गांवों को जोड़ा गया था. एक साल में इसका विस्तार 106 मार्गों और 107 बसों तक हुआ. इन मार्गों की कुल अधिसूचित लंबाई करीब 5,300 किलोमीटर है. मार्गों की दूरी 14 से 105 किलोमीटर तक है और ज्यादातर मार्गों पर रोजाना दो ट्रिप संचालित की जा रही हैं.
योजना के तहत बसें एक साल में करीब 24 लाख किलोमीटर चल चुकी हैं. फिलहाल इनका दैनिक संचालन लगभग 17,500 किलोमीटर है. बस्तर संभाग में 51 मार्गों पर 50 बसें और सरगुजा संभाग में 55 मार्गों पर 57 बसें चल रही हैं. सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर, बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, कोरिया और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर इसके दायरे में हैं.
पिकअप पर निर्भरता कम करने का प्रयास
दूरस्थ गांवों में नियमित बस सेवा नहीं होने के कारण लोगों को कई बार पिकअप और मालवाहक वाहनों से सफर करना पड़ता था. नई सेवा से विद्यार्थियों, मरीजों, महिलाओं, बुजुर्गों और रोजगार के लिए यात्रा करने वाले लोगों को आवागमन का साधन मिला है. ग्रामीण आम, महुआ, मुर्गी और अन्य वनोपज हाट-बाजार तक ले जाकर उसी दिन लौट भी पा रहे हैं.
सुकमा के कोंटा-जगरगुंडा मार्ग पर करीब 83 किलोमीटर की बस सेवा से स्थानीय लोगों को विशेष सुविधा मिली है. जून 2026 के फील्ड आकलन के अनुसार, इस मार्ग से विद्यार्थी स्कूल, मरीज स्वास्थ्य केंद्र और ग्रामीण बाजार तक पहुंच पा रहे हैं.
कम यात्री संख्या वाले मार्गों पर संचालन को संभव बनाने के लिए निजी बस संचालकों को प्रति किलोमीटर सहायता दी जा रही है. पहले वर्ष में यह सहायता 26 रुपये, दूसरे वर्ष में 24 रुपये और तीसरे वर्ष में 22 रुपये प्रति किलोमीटर है. अब तक 107 संचालकों को कुल 5.77 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं. बसों को अधिकतम तीन वर्ष तक मासिक मोटरयान कर में छूट भी मिलती है.
दूसरे चरण में 4,368 गांव जुड़ेंगे
बसों की निगरानी के लिए व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस और MMGBY पोर्टल का इस्तेमाल किया जा रहा है. बस संगवारी ऐप पर समय-सारिणी उपलब्ध है और सहायता का भुगतान वास्तविक दूरी के आधार पर किया जाता है.
दूसरे चरण में आठ जिलों के 85 आदिवासी विकासखंडों के 4,368 बस सुविधा-विहीन गांवों को जोड़ने का लक्ष्य है. इससे करीब 14.57 लाख लोगों को लाभ मिलने की संभावना है. इस चरण में 60 से 80 बसें चलाने का प्रस्ताव है. UPI और QR कोड से किराया भुगतान की सुविधा शुरू करने की भी तैयारी है.
