छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना का विस्तार करने की तैयारी है. दूसरे चरण में आठ जिलों के अनुसूचित क्षेत्रों में आने वाले 85 आदिवासी विकासखंडों को योजना से जोड़ा जाएगा. इन क्षेत्रों के नियमित बस सुविधा से वंचित 4,368 गांवों में दिसंबर तक बस सेवा शुरू होने की उम्मीद जताई गई है.

प्रस्तावित विस्तार से करीब 14.57 लाख लोगों को परिवहन सुविधा मिलने की संभावना है. दूसरे चरण के लिए 60 से 80 बसों के संचालन का प्रस्ताव है. योजना के तहत इन गांवों को जिला और ब्लॉक मुख्यालयों के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार, रोजगार और प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े प्रमुख स्थानों तक पहुंच देने का लक्ष्य है.

दूसरे चरण में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, बालोद, गरियाबंद, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रायगढ़, कोरबा और धमतरी जिले शामिल हैं. इन जिलों के अनुसूचित क्षेत्रों में आने वाले गांवों को नियमित यात्री बस सेवा से जोड़ने की योजना है.

पहले चरण में 850 गांवों तक पहुंची बस सेवा

मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना की शुरुआत 4 अक्टूबर 2025 को जगदलपुर से हुई थी. शुरुआत में 34 मार्गों पर बसें चलाकर करीब 250 गांवों को जोड़ा गया था. एक वर्ष के भीतर योजना का विस्तार कर 106 चयनित मार्गों पर 107 बसों का संचालन शुरू किया गया. इनके माध्यम से ऐसे करीब 850 गांवों तक नियमित यात्री बस सेवा पहुंची है, जहां पहले यह सुविधा उपलब्ध नहीं थी.

योजना की बसों ने एक वर्ष में करीब 24 लाख किलोमीटर की दूरी तय की है. वर्तमान में बसें प्रतिदिन लगभग 17,500 किलोमीटर चल रही हैं. अधिसूचित मार्गों की कुल लंबाई करीब 5,300 किलोमीटर है. अलग-अलग मार्गों की लंबाई 14 से 105 किलोमीटर तक है और अधिकांश मार्गों पर रोजाना दो ट्रिप संचालित की जा रही हैं.

योजना के पहले चरण में बस्तर और सरगुजा संभाग शामिल हैं. बस्तर संभाग में 51 मार्गों पर 50 बसें और सरगुजा संभाग में 55 मार्गों पर 57 बसें चल रही हैं. कोंटा-जगरगुंडा के करीब 83 किलोमीटर लंबे मार्ग पर बस सेवा शुरू होने से वहां के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने की बात कही गई है.

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने योजना के एक वर्ष पूरे होने पर कहा था कि दूरस्थ गांवों के नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, बाजार और प्रशासनिक सेवाओं तक सहज पहुंच मिलनी चाहिए. उनके अनुसार, योजना का उद्देश्य दूरदराज के क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है.