छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती-2026 के तहत अब दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित और सेरेब्रल पाल्सी श्रेणी के दिव्यांग अभ्यर्थियों को भी आवेदन का अवसर मिलेगा. लोक शिक्षण संचालनालय ने हाईकोर्ट के आदेश के पालन में भर्ती के विस्तृत विज्ञापन के लिए शुद्धि पत्र जारी किया है. इन अभ्यर्थियों के ऑनलाइन आवेदन की तारीख अलग से घोषित की जाएगी.
हाईकोर्ट के आदेश के बाद संशोधन
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, सहायक शिक्षक भर्ती का मूल विस्तृत विज्ञापन 24 जुलाई 2026 को जारी हुआ था. हाईकोर्ट में दायर WPS No. 6783 of 2026, मीनाक्षी मंगलकर एवं अन्य बनाम छत्तीसगढ़ शासन एवं अन्य, मामले में 9 अक्टूबर 2026 को दिए गए निर्णय के पालन में विज्ञापन में बदलाव किया गया है.
शुद्धि पत्र में समाज कल्याण विभाग की 11 सितंबर 2026 की संशोधित अधिसूचना के अनुरूप सहायक शिक्षक पद के लिए उपयुक्त दिव्यांगता श्रेणियों में ब्लाइंड (B), डेफ (D) और सेरेब्रल पाल्सी (CP) को शामिल किया गया है. विज्ञापन की कंडिका 05 के उपखंड (iv) को भी विलोपित किया गया है. दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित पदों का समूहवार और श्रेणीवार विवरण निर्धारित निर्देशों के अनुसार जारी किया गया है.
2,292 पदों पर भर्ती
भर्ती प्रक्रिया के तहत सहायक शिक्षक के कुल 2,292 पद हैं. इनमें ई-संवर्ग के 795 और टी-संवर्ग के 1,497 पद शामिल हैं. ई-संवर्ग में रायपुर, दुर्ग, महासमुंद, बलौदाबाजार-भाटापारा, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, रायगढ़ और बिलासपुर जिले शामिल हैं.
टी-संवर्ग में बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, सुकमा, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया, जशपुर, कोरबा, रायगढ़, गरियाबंद और बालोद जिले शामिल हैं.
लोक शिक्षण संचालनालय ने कहा है कि आवेदन की नई तारीख और दिशा-निर्देश छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक सूचना के जरिए जारी किए जाएंगे. 24 जुलाई को जारी मूल विज्ञापन की अन्य शर्तें लागू रहेंगी.
