मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में बुधवार को हुई छत्तीसगढ़ कैबिनेट बैठक में चार प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. इनमें अबूझमाड़िया छात्रों की उच्च शिक्षा, ग्रामीण नलजल योजनाओं के संचालन और राजनांदगांव में दो सरकारी संस्थानों के लिए जमीन आवंटन से जुड़े फैसले शामिल हैं.
छोटी पंचायतों के लिए नलजल अनुदान
कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ पंचायत (ग्रामीण नलजल संचालन, संधारण एवं प्रबंधन) नियम, 2026 के प्रारूप को मंजूरी दी है. इसके लागू होने के बाद 2024 में लागू नियम निरस्त किए जाएंगे और जल जीवन मिशन के राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप व्यवस्था की जाएगी.
एक हजार से कम आबादी वाली ग्राम पंचायतों को नलजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव के लिए ‘मुख्यमंत्री नल जल अनुदान’ से आर्थिक सहायता दी जाएगी. इसके लिए पंचायतों को हर महीने कम से कम 50 प्रतिशत जल प्रभार यानी पानी का शुल्क जमा करना होगा.
सालाना जल प्रभार की 75 प्रतिशत से अधिक राशि वसूलने वाली पंचायतों को हर साल 50 हजार रुपये की ‘मुख्यमंत्री नल जल प्रोत्साहन राशि’ दी जाएगी. लगातार दो साल तक 100 प्रतिशत मीटरिंग सुनिश्चित करने वाली पंचायतों को एकमुश्त 50 हजार रुपये देने का भी प्रावधान है.
अबूझमाड़िया छात्रों के लिए कॉलेज को अनुदान
नारायणपुर स्थित रामकृष्ण मिशन स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय को तीन साल में करीब 40.98 करोड़ रुपये का अनुदान देने का फैसला लिया गया है. यह कॉलेज रामकृष्ण मिशन आश्रम द्वारा संचालित है. राशि का उपयोग कॉलेज के संचालन, भवन और अन्य सुविधाओं के विकास में किया जाना प्रस्तावित है.
कॉलेज शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू हुआ है. इसके लिए छत्तीसगढ़ अशासकीय महाविद्यालय और संस्था (स्थापना एवं विनियमन) अधिनियम, 2006 के तहत निर्धारित नियमों में छूट को भी मंजूरी दी गई है. सरकार के अनुसार, इससे अबूझमाड़ और आसपास के दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों के छात्रों को उच्च शिक्षा की सुविधा मिल सकेगी.
राजनांदगांव में दो संस्थानों के लिए जमीन
कैबिनेट ने राजनांदगांव तहसील के ग्राम कौरिनभांठा में बाल सुधार गृह के लिए 0.223 हेक्टेयर यानी 24,090 वर्गफीट जमीन आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है. जमीन महिला एवं बाल विकास विभाग को दी जाएगी. प्रस्तावित भवन में बच्चों के रहने, देखभाल, परामर्श, पढ़ाई और पुनर्वास से जुड़ी सुविधाएं विकसित की जाएंगी.
इसके अलावा राजनांदगांव शहर के बल्देव बाग स्थित स्टेट हाईस्कूल परिसर की 264 वर्गमीटर जमीन छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के संभागीय कार्यालय के लिए आवंटित की जाएगी. कार्यालय शुरू होने के बाद विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्कूल-कॉलेजों को मंडल से जुड़ी सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी.
