दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में टिकट चेकिंग स्टाफ से करीब 44 घंटे की ड्यूटी कराए जाने का मामला श्रम आयुक्त तक पहुंच गया है. रेल श्रमिक यूनियन का आरोप है कि वाणिज्य विभाग के TTE को ट्रेन के शुरुआती स्टेशन से गंतव्य तक लगातार करीब तीन दिन काम करना पड़ता है. इसके बाद उन्हें एक दिन का विश्राम दिया जाता है.

यूनियन अध्यक्ष नजीर अहमद की ओर से सहायक श्रम आयुक्त (केंद्रीय), रायपुर को दी गई शिकायत में कहा गया है कि इस व्यवस्था के तहत कर्मचारियों से लगभग 20 घंटे अतिरिक्त काम लिया जा रहा है. यूनियन ने पर्याप्त विश्राम और नियमानुसार ओवरटाइम लाभ दिए जाने की मांग की है. शिकायत में यह भी कहा गया है कि लगातार लंबी ड्यूटी का कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है.

शिकायत 27 अगस्त को की गई थी. 23 अक्टूबर को क्षेत्रीय श्रम आयुक्त ने सुनवाई के लिए दोनों पक्षों को बुलाया. रेलवे की ओर से सहायक वाणिज्य प्रबंधक ने बताया कि 16 अक्टूबर को TTE स्टाफ की ड्यूटी कटनी मुड़वारा तक सीमित करने का प्रस्ताव जोन मुख्यालय को भेजा गया है.

दो मंडलों में बांटने का प्रस्ताव

प्रस्ताव के अनुसार दुर्ग से कटनी मुड़वारा और वापसी में कटनी मुड़वारा से दुर्ग तक टिकट चेकिंग का काम रायपुर मंडल का स्टाफ संभालेगा. कटनी मुड़वारा से हजरत निजामुद्दीन और वापसी में कटनी मुड़वारा तक की ड्यूटी जबलपुर मंडल के स्टाफ को देने का सुझाव है.

रेलवे के अनुसार, प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय से पहले ट्रेन के समय, क्रू-लिंक और स्टाफ की उपलब्धता की समीक्षा की जाएगी. दोनों संबंधित मंडलों और वाणिज्य विभाग के अधिकारियों को यह देखना होगा कि कटनी मुड़वारा पर स्टाफ बदलने की व्यवस्था व्यावहारिक रूप से लागू की जा सकती है या नहीं. सभी तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं पर सहमति बनने के बाद ही प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी मिलेगी.