एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस ने छत्तीसगढ़ में जीवन बीमा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘बीमा की बात’ अभियान शुरू किया है. रायपुर से एक विशेष कैंटर वैन को रवाना किया गया. यह वैन राज्य के सभी 33 जिलों में जाकर लोगों को जीवन बीमा और परिवार की आर्थिक सुरक्षा से जुड़ी जानकारी देगी.
यह पहल भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (आईआरडीएआई) के वर्ष 2047 तक सभी लोगों तक बीमा पहुंचाने के लक्ष्य के अनुरूप बताई गई है. छत्तीसगढ़ में जीवन बीमा के लिए एसबीआई लाइफ को लीड इंश्योरर की जिम्मेदारी दी गई है.
स्थानीय भाषा में समझाई जाएगी बीमा की जानकारी
अभियान के दौरान कैंटर वैन में एलईडी स्क्रीन और ऑडियो-विजुअल सामग्री के जरिए बीमा से जुड़े विषयों की जानकारी दी जाएगी. लोगों तक संदेश पहुंचाने के लिए स्थानीय छत्तीसगढ़ी भाषा का भी इस्तेमाल किया जाएगा. बातचीत और अन्य जागरूकता गतिविधियों के जरिए जीवन बीमा के फायदे और आर्थिक सुरक्षा के महत्व को सरल तरीके से समझाने का प्रयास किया जाएगा.
अभियान का फोकस ग्रामीण, अर्ध-शहरी और शहरी क्षेत्रों के लोगों तक पहुंचने पर है. आयोजकों के अनुसार, इसका उद्देश्य लोगों को परिवार के भविष्य की सुरक्षा और अपनी जरूरत के अनुसार वित्तीय निर्णय लेने के लिए जागरूक करना है.
बीमा कवरेज बढ़ाने पर जोर
आईआरडीएआई की वार्षिक रिपोर्ट 2024-25 के हवाले से बताया गया कि भारत में बीमा का दायरा 3.7 प्रतिशत है, जबकि वैश्विक औसत 7.3 प्रतिशत है. जीवन बीमा का दायरा 2.7 प्रतिशत बताया गया, जो पहले 2.8 प्रतिशत था.
अभियान की शुरुआत के मौके पर छत्तीसगढ़ शासन के वित्त विभाग के विशेष सचिव ऋषभ कुमार परासर, एसबीआई लाइफ के पश्चिम क्षेत्र के जोनल डायरेक्टर राजीव श्रीवास्तव, वित्त विभाग के एडिशनल डायरेक्टर अंकित मोदी और भोपाल क्षेत्र के रीजनल डायरेक्टर अमित कुमार साहा समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे.
राजीव श्रीवास्तव ने कहा कि लोगों को उनकी भाषा में बीमा की जानकारी देने से वे अपनी जरूरत के अनुसार बेहतर फैसले ले सकेंगे. छत्तीसगढ़ शासन के वित्त सचिव डॉ. रोहित यादव ने भी ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में सरल भाषा में बीमा संबंधी जानकारी पहुंचाने को जरूरी बताया.
