छत्तीसगढ़ के शासकीय हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में प्राचार्यों की प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ अध्यापन की भूमिका भी तय की गई है. स्कूल शिक्षा विभाग के नए निर्देशों के मुताबिक संस्था प्रमुखों को रोजाना कम से कम दो पीरियड विद्यार्थियों को पढ़ाने होंगे.

विभागीय आदेश स्कूलों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित करने के उद्देश्य से जारी किया गया है. आदेश के अनुसार प्राचार्य स्कूल के प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे, लेकिन इसके साथ आवश्यकतानुसार प्रतिदिन न्यूनतम दो पीरियड अध्यापन कार्य भी करेंगे.

बड़े कमरों का इस्तेमाल कक्षाओं के लिए

दिशा-निर्देशों में स्कूल भवन के कमरों के उपयोग को लेकर भी स्पष्ट व्यवस्था दी गई है. प्राचार्य, लिपिक और अन्य स्टाफ के लिए भवन की ड्राइंग-डिजाइन के अनुसार निर्धारित प्राचार्य कक्ष, लिपिक कक्ष और स्टाफ कक्ष का ही इस्तेमाल किया जाएगा.

इन निर्धारित कमरों के अलावा किसी भी क्लासरूम को प्राचार्य, लिपिक या स्टाफ के बैठने के लिए उपयोग नहीं किया जा सकेगा. विभाग ने कहा है कि स्कूल परिसर में उपलब्ध बड़े कमरों को प्राथमिकता के आधार पर छात्र-छात्राओं के अध्ययन-अध्यापन के लिए इस्तेमाल किया जाना चाहिए.

निर्देशों का उद्देश्य उन स्थितियों को रोकना है, जिनमें अधिक छात्र संख्या वाले स्कूलों में बड़े कमरों को कार्यालय या स्टाफ रूम में बदल दिया जाता है और विद्यार्थियों को छोटे कमरों में बैठना पड़ता है. नए प्रावधानों के तहत बड़े और हवादार कमरे पढ़ाई के लिए उपलब्ध रखने होंगे.

यह आदेश स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह की ओर से प्रदेश के सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को जारी किया गया है.