छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश और मौजूदा मौसम की स्थिति को देखते हुए 26 सितंबर को प्रदेशभर के सभी स्कूल बंद रहेंगे. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में अवकाश रखने के निर्देश दिए हैं.
जलभराव, नदी-नालों का बढ़ता जलस्तर और आवागमन में आ रही दिक्कतों को देखते हुए यह फैसला बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है. मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से बच्चों को घर पर रखने, अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है.
झीरम मामले पर राहुल गांधी से मिलेंगे कांग्रेस नेता
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेता 26 सितंबर को सुबह 11:30 बजे दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे. बैठक में झीरम मामले में NIA कोर्ट के फैसले की जानकारी राहुल गांधी को दी जाएगी. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत सहित अन्य नेता बैठक में शामिल होंगे. झीरम घटना में शहीद नेताओं के परिजन और घायल नेता भी बैठक में मौजूद रहेंगे.
आकाशवाणी पर राम मंदिर विषय पर कार्यक्रम
आकाशवाणी का साप्ताहिक कार्यक्रम ‘बातों-बातों में’ इस बार ‘राम मंदिर-सभ्यतागत चेतना का पुनर्जागरण’ विषय पर केंद्रित रहेगा. रायपुर केंद्र से इसका प्रसारण 26 सितंबर को सुबह 9 बजे FM और प्राइमरी चैनल पर होगा. छत्तीसगढ़ स्थित आकाशवाणी के सभी केंद्र कार्यक्रम को रिले करेंगे.
30 सितंबर को कैबिनेट बैठक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 30 सितंबर को सुबह 11:30 बजे मंत्रालय के कैबिनेट हॉल में मंत्रिपरिषद की बैठक होगी. इसमें खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन और कस्टम मिलिंग नीति पर विचार हो सकता है. औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार से जुड़ी मौजूदा नीति में संशोधन प्रस्ताव पर भी चर्चा या निर्णय की संभावना है.
बैठक में बारिश और फसलों की स्थिति, सेवा संकल्प अभियान तथा किसानों, कर्मचारियों और श्रमिकों से जुड़े मुद्दों की समीक्षा भी हो सकती है.
सरगी नाला उफान पर
गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर में लगातार बारिश के कारण सरगी नाला उफान पर है. पिछले 24 घंटे से जारी बारिश के बाद फिंगेश्वर-महासमुंद मुख्य मार्ग अवरुद्ध हो गया है. रपटेनुमा पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा है. भारी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है और प्रशासन ने किसी भी अनहोनी की आशंका को देखते हुए सतर्कता बढ़ाई है.
