छत्तीसगढ़ के गरियाबंद और रायगढ़ जिलों के सरकारी स्कूलों से जुड़ी दो घटनाओं ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं. गरियाबंद में गणित का सवाल हल नहीं कर पाने पर तीसरी कक्षा की 8 साल की छात्रा की शिक्षक द्वारा पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है. वहीं, रायगढ़ के एक स्कूल में बच्चों के कक्षा और परिसर में झाड़ू लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. दोनों मामलों में शिक्षा विभाग ने जांच और आगे की कार्रवाई की बात कही है.
गरियाबंद में छात्रा की पिटाई का मामला
मामला फिंगेश्वर ब्लॉक के ग्राम भेंडरी स्थित सरकारी प्राइमरी स्कूल का है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, 7 अक्टूबर को शिक्षक भागचंद चतुर्वेदी ने तीसरी कक्षा की छात्रा को गणित का सवाल हल करने के लिए दिया था. छात्रा सवाल हल नहीं कर पाई, जिसके बाद शिक्षक ने उसे थप्पड़ मारे. छात्रा ने बताया कि थप्पड़ उसके गाल के नीचे और कान के पास मारे गए.
परिवार का कहना है कि घटना के बाद बच्ची डरी हुई है और ठीक से खाना-पीना नहीं कर रही. रात में उसके सो नहीं पाने की बात भी परिवार ने कही है. शिक्षक भागचंद चतुर्वेदी ने माना कि उन्होंने गुस्से में छात्रा को एक-दो थप्पड़ मारे और इसके लिए माफी मांगी.
ग्रामीण श्यामगिरि गोस्वामी ने आरोप लगाया कि शिक्षक पहले भी बच्चों की पिटाई कर चुके हैं. पूर्व सरपंच थानेश साहू ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है.
जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर ने जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम बनाई है. टीम में तीन प्राचार्य शामिल हैं और उसे तीन दिन में रिपोर्ट सौंपनी है. शिक्षक भागचंद चतुर्वेदी को 5 सितंबर 2022 को तत्कालीन राज्यपाल अनुसुइया उइके ने राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान दिया था.
रायगढ़ में बच्चों से सफाई कराने का वीडियो
दूसरा मामला धरमजयगढ़ ब्लॉक के ग्राम अलोला स्थित आदिवासी कल्याण शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला का है. 7 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे बच्चों के स्कूल परिसर और कक्षा में झाड़ू लगाने का वीडियो बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ.
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सुखरुराम सिदार ने मामले की जानकारी लेकर नियमानुसार कार्रवाई की बात कही. जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू ने कहा कि स्कूलों में स्वच्छता पखवाड़ा चल रहा है और सामूहिक सफाई कराई जा रही है. हालांकि, उन्होंने इस मामले में रिपोर्ट मंगाकर तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है.
