रायपुर. छत्तीसगढ़ के सभी शासकीय और अशासकीय हाई स्कूलों तथा हायर सेकेंडरी विद्यालयों में ‘बाल प्रहरी समिति’ या ‘बाल प्रहरी क्लब’ गठित किए जाएंगे. इस पहल के लिए छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स (छत्तीसगढ़) के बीच 13 नवंबर को समझौता ज्ञापन (MoU) हुआ. इसका उद्देश्य बच्चों को अपने और अपने सहपाठियों के अधिकारों तथा सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना है.

यह पहल कक्षा 9वीं और 10वीं के हाई स्कूलों तथा कक्षा 11वीं और 12वीं के हायर सेकेंडरी विद्यालयों में लागू की जाएगी. रायपुर स्थित आयोग कार्यालय में हुए कार्यक्रम में आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा की मौजूदगी में समझौते को औपचारिक रूप दिया गया.

बाल प्रहरी क्लब की जिम्मेदारियां

क्लब संभावित बाल विवाह, बाल श्रम, नशे की गतिविधियों, भिक्षावृत्ति और मानव तस्करी जैसे मामलों की शुरुआती पहचान कर संबंधित संस्थाओं तक सूचना पहुंचाने में मदद करेंगे. लगातार अनुपस्थित रहने वाले या संकटग्रस्त बच्चों की पहचान कर उन्हें परामर्श और सहयोग के जरिए शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़े रखने पर भी ध्यान दिया जाएगा.

प्रत्येक क्लब दस प्रमुख विषयों पर काम करेगा. इनमें बाल विवाह रोकथाम, बाल श्रम उन्मूलन, नशामुक्त परिसर, पॉक्सो कानून के प्रति जागरूकता, साइबर सुरक्षा और मानव तस्करी की रोकथाम स्थायी विषय होंगे. अन्य पांच विषय स्थानीय जरूरतों के अनुसार तय किए जाएंगे. इनमें आवासीय विद्यालयों की सुरक्षा, पलायन की निगरानी, स्ट्रीट चिल्ड्रन का पुनर्वास, किशोर स्वास्थ्य और अंधविश्वास उन्मूलन शामिल हो सकते हैं.

संवेदनशील मामलों में प्रत्यक्ष हस्तक्षेप नहीं

बाल प्रहरी के रूप में चुने गए विद्यार्थी किसी संवेदनशील मामले में सीधे हस्तक्षेप या टकराव नहीं करेंगे. उनकी भूमिका सूचना देने, जागरूकता फैलाने और सहयोग तक सीमित रहेगी. क्लबों को ग्राम पंचायत स्तरीय बाल संरक्षण समितियों, जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और आपातकालीन सेवा 112 से जोड़ा जाएगा.

पहल के तहत विद्यार्थियों को बाल प्रहरी निष्ठा शपथ दिलाई जाएगी. नियमित जागरूकता गतिविधियां, मासिक प्रगति रिपोर्ट और उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यार्थियों के लिए ‘श्रेष्ठ बाल प्रहरी सम्मान’ का भी प्रावधान रखा गया है. बच्चों की पहचान और सुरक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए पॉक्सो अधिनियम की धारा 23, किशोर न्याय अधिनियम की धारा 74 और भारतीय न्याय संहिता के संबंधित प्रावधानों का पालन किया जाएगा.