छत्तीसगढ़ के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. लोक शिक्षण संचालनालय ने इस संबंध में संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं.
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती हर वर्ष 15 नवंबर को मनाई जाती है. वर्ष 2026 में 15 नवंबर को रविवार पड़ रहा है. इसलिए विद्यालयों में जयंती से जुड़े कार्यक्रम 14 नवंबर या 16 नवंबर को आयोजित किए जाएंगे.
विद्यार्थियों के लिए होंगी विभिन्न गतिविधियां
निर्देशों के अनुसार स्कूलों में बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और योगदान पर आधारित गतिविधियां कराई जाएंगी. विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और जनजातीय समाज के लिए उनके कार्यों से परिचित कराया जाएगा.
विद्यालयों में लेखन और वाचन जैसी गतिविधियों के साथ भगवान बिरसा मुंडा के कार्यों पर वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी. इन कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों को उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और जीवन-दर्शन को समझने का अवसर मिलेगा.
लोक शिक्षण संचालनालय ने कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों और संस्थागत प्रमुखों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा है. विभाग के अनुसार, आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों को बिरसा मुंडा के आदर्शों से परिचित कराना और उनके जीवन-संघर्ष से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित करना है.
निर्देशों में इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रीय भावना और सामाजिक चेतना विकसित करने पर भी जोर दिया गया है.
