छत्तीसगढ़ राज्य पात्रता परीक्षा (SET) के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं. अभ्यर्थी कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के जरिए अपनी प्रोफाइल में लॉगिन कर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं. परीक्षा चार अक्टूबर को राज्य के 10 जिलों में आयोजित होगी.

परीक्षा दो पालियों में होगी. पहली पाली में पेपर-1 सुबह 10 बजे से 11:15 बजे तक और दूसरी पाली में पेपर-2 दोपहर 2 बजे से शाम 4:15 बजे तक आयोजित किया जाएगा. अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम दो घंटे पहले पहुंचने के लिए कहा गया है. पहचान सत्यापन और तलाशी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही केंद्र में प्रवेश मिलेगा.

पहली पाली के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 9:30 बजे और दूसरी पाली के अभ्यर्थियों के लिए दोपहर 1:30 बजे बंद कर दिया जाएगा. इसके बाद किसी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा. अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के सभी पन्नों का एक तरफ प्रिंट लेकर जाना होगा. साथ ही आधार, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस या पैन कार्ड में से कोई एक फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य है.

भर्ती परीक्षा के मॉडल उत्तर पर आपत्ति का मौका

कर्मचारी चयन मंडल ने 20 सितंबर को आयोजित नमूना सहायक और प्रयोगशाला सहायक भर्ती परीक्षा के मॉडल उत्तर भी जारी कर दिए हैं. अभ्यर्थी 30 सितंबर तक मंडल की वेबसाइट पर अपनी प्रोफाइल के माध्यम से ऑनलाइन दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं.

हर प्रश्न पर आपत्ति के लिए 50 रुपये शुल्क निर्धारित है. बिना शुल्क या ऑफलाइन माध्यम से भेजी गई आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी. आपत्ति सही पाए जाने पर संबंधित अभ्यर्थी का शुल्क वापस किया जाएगा. इस परीक्षा में करीब 34 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए थे. खाद्य विभाग में कुल 36 पदों पर भर्ती होनी है, जिनमें नमूना सहायक के 30 और प्रयोगशाला सहायक के छह पद शामिल हैं.