सेवा संकल्प अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज-2026’ आयोजित किया जा रहा है. प्रतियोगिता का उद्देश्य समाज और शासन से जुड़ी वास्तविक समस्याओं के लिए उपयोगी और नए समाधान सामने लाना है. इसके लिए कुल 5 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि रखी गई है.

प्रतियोगिता में कृषि, कानून-व्यवस्था, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, अधोसंरचना एवं आवागमन, पर्यावरण एवं जलवायु, उभरती तकनीक, शिक्षा एवं रोजगार समेत 10 प्रमुख क्षेत्रों में विचार आमंत्रित किए गए हैं. हर क्षेत्र से पांच विजेताओं का चयन होगा. इस तरह कुल 50 विजेताओं को 10-10 लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी.

हर क्षेत्र के पांच विजेताओं में तीन का चयन ओपन फॉर ऑल श्रेणी से होगा. इसके अलावा एक विजेता महिला श्रेणी और एक अंडर-21 श्रेणी से चुना जाएगा. प्रतिभागियों को अपने विचार के जरिए किसी वास्तविक समस्या का समाधान बताना होगा. प्राथमिकता उन प्रस्तावों को दी जाएगी, जिन्हें समाज के लिए उपयोगी बनाया जा सके.

चयनित इनोवेटर्स को पुरस्कार राशि के साथ विशेषज्ञों, उद्योगों, सरकारी विभागों और निवेशकों से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा. इससे विचारों को आगे विकसित करने और उन्हें जमीन पर लागू करने में मदद मिलने की उम्मीद है.

छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी, शोधकर्ता, स्टार्टअप, एमएसएमई और अन्य इनोवेटर आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की अंतिम तारीख 17 अक्टूबर 2026 है.