प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर भाजपा छत्तीसगढ़ में 7 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाएगी. पार्टी के मुताबिक, इस दिन प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी.

अभियान की जानकारी भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कृषि मंत्री रामविचार नेताम और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने दी. भाजपा नेताओं के अनुसार, यात्राओं में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री, सांसद और विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में शामिल होंगे. संबंधित क्षेत्रों के आम लोगों को भी यात्रा से जोड़ने की योजना है.

हर विधानसभा में किसी बड़े शहर या प्रमुख स्थान को यात्रा का केंद्र बनाया जाएगा. यात्रा के बाद विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प दिलाया जाएगा. इसके अलावा जिला स्तर पर ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ शुरू करने की बात भी कही गई है.

ब्लॉक स्तर पर योजनाओं को दिखाएगी रंगोली

भाजपा के अनुसार, 7 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के हर ब्लॉक में बड़ी रंगोली बनाई जाएगी. इसमें केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा. पार्टी का कहना है कि इस माध्यम से लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में योजनाओं के जरिए हुए कामों की जानकारी दी जाएगी.

रायपुर में चार विधानसभा क्षेत्र होने के कारण यहां बड़ा कार्यक्रम प्रस्तावित है. भाजपा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के इसमें शामिल होने की संभावना जताई है. नेताम ने यह भी कहा कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश के नाम संबोधन कार्यक्रम होगा.

प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेताम ने धान खरीदी से पहले गिरदावरी की निगरानी पर कहा कि विभाग इसकी लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है. SIR को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार अपने निर्देशों के अनुसार काम करेगी. युवा कांग्रेस के चुनाव से जुड़े सवाल पर उन्होंने कांग्रेस में आंतरिक विवाद होने का आरोप लगाया.