रायपुर. छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा. अभियान के तहत सेवा, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता से जुड़े जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. उप मुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री अरुण साव ने वर्चुअल बैठक में अभियान की तैयारियों और गतिविधियों की रूपरेखा की समीक्षा की.

बैठक में सांसद भोजराज नाग, विधायक आशाराम नेताम और जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी भी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुईं. उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अभियान के कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

स्कूलों में स्वच्छता पर विशेष गतिविधियां

अरुण साव ने 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर सभी स्कूलों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाली विशेष गतिविधियां आयोजित करने को कहा. उन्होंने निर्देश दिया कि स्कूल खुलने के बाद प्राथमिक से उच्चतर माध्यमिक स्तर तक के विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी जाए.

विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाने के साथ उन्हें स्वयं स्वच्छ रहने और अपने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा.

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के जरिए स्वच्छता का संदेश परिवारों और आसपास के समुदायों तक पहुंचाया जा सकता है. अभियान में अलग-अलग स्तरों पर होने वाली गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी बढ़ाने और सामाजिक जागरूकता का संदेश लोगों तक पहुंचाने पर जोर रहेगा.